Saturday, September 1, 2012

तब मैं तुम्हारे साथ होता हूँ....



जब मैं भूल जाता हूँ पढ़ते हुऐ कुछ पंक्तियाँ पढना और समझना  
जाने कब वो पंक्तियाँ धुंधली हो मेरी आँखों में खो सी जाती हैं.. 

भूल जाता हूँ मैं सारा गुणा भाग घटा जोड़ और क्षेत्रफल की गणना 
हिसाब वो बेहिसाब और छोटा सा एक पल अविरल सा लगता है... 

देखते देखते जब आँखें झपकना छोड़ कर एकटक मेरे मन का साथ देती हैं 
कुछ भी गुज़रे सामने से किन्तु आँखें चुम्बक सी एक ओर चिपकी रहती हैं...  

बिन कुछ कहे मन की दर्पण जीव्हा अन्दर सम्मोहक सी बातें करती हैं
फुसफुसा अन्दर जब एक अधर को वो दूसरे से अलग कर खिला देती है... 

बिना किसी स्पर्श आत्मा के रोम रोम में एक मधुर सा अनुभव होता है  
बिन बाग़ फूल और बिना भ्रमर के मन एक मधु रस में सराबोर होता है ...

तब शांत से एक क्षण में अधीर चित्त कानों में तुम्हारी आवाज़ घोल देता है 
तब बहाना पा मन का कण कण कल्लोल कर एक कोलाहल सा कर देता है....

तब मैं तुम्हारे साथ होता हूँ स्थिर रह कर मन की स्थिरता खोता हूँ
बिना किसी नाव के बिना पतवार बिना नदी के अपनी नैया खेता हूँ 
सोचता हूँ क्यों... क्यों नहीं कहा तुमसे जी भर के मैं तुमसे प्रेम करता हूँ.... 
सोचता हूँ क्यों... क्यों नहीं कहा तुमसे जी भर के मैं तुमसे प्रेम करता हूँ....


Saturday, January 7, 2012

JUGNU


पूनम की रात, चाँद ,उसकी कीमत ..कोई मुझसे पूछे

मैं अमावस का जलता हुआ एक आवारा जुगनू हूँ |

-----

ढूंढते रहते हो तुम.. ज़िन्दगी को; महताब में, सितारों में

क्या लगता है... खुदा ने जुगनू को यूं ही बनाया है |

-----


मेरा दिल तो जुगनू है ,जिस रात भी तेरे दर पे ठहरेगा

वो ..अमावस की रात क्यों हो ,क़यामत हो जायेगी |

-----

कौन कहता है मुहब्बत में गज़ब की कशिश नहीं

कौन कहता है मुहब्बत गज़ब की आतिश नहीं

मैं तो अब तक जल रहा हूँ इस आग में ,गौर से देख

यूं ही लोग नहीं पुकारा करते मुझे जुगनू के नाम से |

-----


बे फजूल में चाहती है चाँद सितारों को, बहुत दूर हैं वो

कभी पा सकेगी, यह चाहत, चाहत ही रह जायेगी |

जो तुम्हारे गुलशन में फिरता रहता है टिमटिमाता हुआ

कभी उस जुगनू को देख छुप के मुलाकातें दो चार करो |

-----

सदा की आवाज़ बन के सही, वादा है तुझ तक पहुंचूंगा ज़रूर

कहते हैं जुगनू की चमक ए फ़िक्र दूर से दिख जाया करती है |

-----

कर लो मुझे इकठ्ठा अपनी मुट्ठी में देर तलक

जुगनू हूँ मैं चराग का सा असर छोड़ जाऊँगा |

---------------